-सोनवर्षा थाना के वैना गांव में शनिवार की सुबह हुई दुर्घटना
बक्सर खबर। तालाब में नहाने गया युवक शनिवार की सुबह डूब गया। तट के आस-पास मौजूद लोगों ने ऐसा होते देखा तो आवाज लगाने लगे। लेकिन, समय रहते सुभाष प्रकाश (उम्र 35 वर्ष) को बचाया नहीं जा सका। घटना सोनवर्षा थाना के वैना गांव की है। ग्रामीणों के अनुसार गांव के बाहर तालाब है। युवक वहीं नहाने गया था। लेकिन, न जाने कैसे वह गहरे पानी में चला गया। शोर सुनकर लोग एकत्र हुए।
कुछ लोगों ने उसे तालाब से बाहर निकाला। इतना सब कुछ होने में बहुत विलंब हो गया। इस वजह से उसकी मौत हो गई थी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना सोनवर्षा पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया, पूछताछ में पता चला स्नान के दौरान यह दुर्घटना हुई है। शव को पुलिस की देखरेख में पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। ग्रामीणों के अनुसार युवक अविवाहित था। लेकिन, इस घटना ने गांव को शोक में डूबो दिया है।































































































