अविनाश पांडेय ने विधायक आनंद मिश्र के कार्यों को सराहा, कहा महज चार माह में दिखने लगा है बदलाव बक्सर खबर। नगर की जनता के सहायता का समय आने पर नाखून कटाकर शहीद बनने वालों पर तंज कसते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अविनाश पांडेय ने विपक्षी नेताओं की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि जनता सब देखती है और यह भली-भांति समझती है कि कौन वास्तव में जनसेवा में लगा है और कौन केवल दिखावा कर रहा है। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में सदर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। विधायक आनंद मिश्र की सक्रियता और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता के चलते सदर अस्पताल की व्यवस्था में सुधार आया है, जहां अब मरीजों को समय पर दवाइयां और जांच सुविधाएं मिल रही हैं। इसके साथ ही शहर के गोलंबर क्षेत्र में ट्रैफिक जाम की समस्या में कमी आई है तथा चौसा पावर प्लांट से जुड़े मजदूरों के लंबित भुगतान का भी समाधान कराया गया है।
उन्होंने कहा कि महज चार महीनों में इन समस्याओं का निराकरण यह साबित करता है कि मजबूत इच्छाशक्ति से बदलाव संभव है। अविनाश पांडेय ने बिना नाम लिए कुछ लोगों पर निशाना साधते हुए कहा कि जब नगर की जनता को सहायता की जरूरत थी, तब वे पीछे हट गए और अब श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने ऐसे लोगों को सलाह दी कि वे अनावश्यक बयानबाजी से बचें और क्षेत्र के विकास कार्यों में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा विकास और जनकल्याण की राजनीति में विश्वास रखती है और बक्सर में दिख रहे सकारात्मक परिवर्तन उसी सोच का परिणाम हैं।






























































































