जिले में एसडीआरएफ टीम की स्थायी प्रतिनियुक्ति

0
34

जिलाधिकारी के सीधे नियंत्रण में कार्य करेगी टीम, प्रमुख घाटों की होगी विशेष निगरानी                                 बक्सर खबर। जिले में आपदाओं के दौरान त्वरित राहत एवं बचाव कार्य को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से राज्य आपदा मोचन बल की टीम की स्थायी प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। यह निर्णय 6 मार्च को आयोजित बैठक की कार्यवाही के आलोक में लिया गया, जिसके तहत आपदा प्रबंधन विभाग से जिले में एसडीआरएफ टीम को स्थायी रूप से तैनात करने की मांग की गई थी। गुरुवार को विभागीय पत्र प्राप्त होने के बाद जिले में एसडीआरएफ टीम की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित कर दी गई। यह टीम जिला पदाधिकारी के दिशा-निर्देश के अनुसार जिले में होने वाली विभिन्न आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों को त्वरित गति से अंजाम देगी।

जिले में प्रमुख त्योहारों के मद्देनजर एसडीआरएफ टीम की तैनाती रामरेखा घाट, नाथ बाबा घाट समेत अन्य प्रमुख घाटों पर की जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत कार्य शुरू किया जा सके। इससे जिले में आपदा प्रबंधन व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होने की उम्मीद है। इधर, गृह रक्षा वाहिनी के प्रशिक्षण की समाप्ति के बाद निर्धारित स्थल पर एसडीआरएफ टीम के स्थायी आवासन की व्यवस्था भी कर दी गई है। इसी क्रम में एडीएम अरुण कुमार सिंह तथा सदर बीडीओ साधु शरण पांडेय द्वारा उक्त स्थल का निरीक्षण भी किया गया और आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा एसडीआरएफ टीम की स्थायी तैनाती को जिलावासियों के लिए राहत और सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित हो सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here