कृषि फीडर के ट्रांसफार्मरों से निकालते थे तेल, डीजल में मिलाकर करते थे ब्लैक मार्केट में बिक्री बक्सर खबर। डुमरांव अनुमंडल क्षेत्र में ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरोह के सदस्य कृषि फीडर से जुड़े ट्रांसफार्मरों से तेल निकालकर उसे ब्लैक मार्केट में बेचते थे और कई बार डीजल में मिलाकर भी खपा देते थे। मामले का खुलासा बुधवार को डुमरांव के एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में किया। उन्होंने बताया कि डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान सुरौंधा गांव के पास एक कृषि ट्रांसफार्मर के समीप संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं। पुलिस जब मौके के करीब पहुंची तो देखा कि एक युवक ट्रांसफार्मर पर चढ़कर उसका तेल निकाल रहा है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक को मौके से हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि वह ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी करने वाले गिरोह से जुड़ा हुआ है।
उसकी पहचान अरियांव गांव निवासी संतोष कुमार उर्फ टुनटुन यादव, पिता रामाधार यादव के रूप में हुई। संतोष की निशानदेही पर पुलिस ने एक अन्य आरोपी को लालगंज कड़वी इलाके से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार दूसरे युवक की पहचान अरियांव निवासी पंकज यादव, पिता रामजी यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी में प्रयुक्त कई सामान बरामद किए हैं। इनमें एक अपाचे मोटरसाइकिल, एक ई-रिक्शा और करीब ढाई लीटर ट्रांसफार्मर का तेल शामिल है।जांच के दौरान पुलिस को एक ऐसे व्यक्ति के बारे में भी जानकारी मिली जो चोरी किए गए तेल को बाजार में खपाने का काम करता था। उसकी पहचान अरियांव गांव के चुन्नू साह, पिता खेमराज साह के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया है।
एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने बताया कि इस मामले में कुछ अन्य अभियुक्तों की भी पहचान की गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों से डुमरांव अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में कृषि फीडर से जुड़े ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी की कई घटनाएं सामने आ रही थीं। अब तक ऐसे एक दर्जन से अधिक मामले संज्ञान में आए हैं, जिससे किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

































































































