अज्ञानता और ओछी बयानबाजी से बाज आएं भाजपा नेता, लोकतांत्रिक संस्थाओं का करें सम्मान: राजद जिलाध्यक्ष बक्सर खबर। सोशल मीडिया पर भाजपा से जुड़े कुछ लोगों द्वारा सांसद सुधाकर सिंह के खिलाफ की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर राष्ट्रीय जनता दल ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। राजद के जिलाध्यक्ष शेषनाथ सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर भाजपा के तथाकथित प्रवक्ताओं की बयानबाजी की तीखी आलोचना की और इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा के कुछ अज्ञानी और छुटभैये नेता अपने आकाओं के इशारे पर सांसद के खिलाफ ओछी टिप्पणियां कर रहे हैं। राजद इसकी कड़ी भर्त्सना करता है और ऐसे लोगों को सलाह देता है कि कुछ बोलने से पहले ज्ञानार्जन कर लें। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिन्हें पीए जैसे सामान्य शब्द का भी अर्थ नहीं मालूम, वे शिक्षा व्यवस्था पर भाषण देने से भी नहीं चूकते।
शेषनाथ सिंह ने आरोप लगाया कि पिछले करीब दो दशकों में शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार चरम पर रहा है और इसी व्यवस्था से लाभ लेने वाले लोग आज जनप्रिय नेताओं पर अनर्गल आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी सांसद और देश की महत्वपूर्ण संवैधानिक संस्था के सदस्य के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग लोकतंत्र और जनता का अपमान है। राजद जिलाध्यक्ष ने कहा कि बक्सर लोकसभा क्षेत्र में भाजपा को मिली हार की टीस आज भी कुछ नेताओं को परेशान कर रही है, जिसके कारण वे पूर्वाग्रह से ग्रसित होकर बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सांसद सुधाकर सिंह की कर्मठता, विद्वता और ईमानदारी सर्वविदित है और उनकी छवि को इस तरह की बयानबाजी से धूमिल नहीं किया जा सकता।उन्होंने यह भी कहा कि राजद भ्रष्टाचार या भ्रष्ट व्यक्तियों का समर्थन नहीं करता, बल्कि ऐसे लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई का पक्षधर है। साथ ही उन्होंने कहा कि बक्सर संसदीय क्षेत्र में सांसद सुधाकर सिंह को जनता का व्यापक समर्थन प्राप्त है।


































































































