आपसी विवाद में युवक को मारी गोली

0
1742

कमर के ऊपरी हिस्से में गोली लगने से 23 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल, रेफर                                        बक्सर खबर। कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के बड़का ढकाइच गांव में होली के रंग उस समय मातम में बदल गए जब आपसी विवाद के दौरान अचानक गोली चल गई। घटना बुधवार दोपहर लगभग 2:30 बजे की बताई जा रही है। गोली लगने से एक 23 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार बड़का ढकाइच निवासी वीर बहादुर दुबे उर्फ वीर बहादुर राय के 23 वर्षीय पुत्र भोला उर्फ कल्लू अपने दोस्तों के साथ होली खेलने गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर आपसी विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोस्तों में से ही किसी ने गोली चला दी, जो भोला के कमर के ऊपरी भाग में पीठ पर जा लगी।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत सदर अस्पताल लाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। इधर सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है तथा पूरे प्रकरण की गहन छानबीन की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here