वीर कुंवर सिंह सेतु के नीचे घाट पर हादसा, परिजनों ने प्रशासन पर लापरवाही का लगाया आरोप बक्सर खबर। होली के दिन गंगा स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। सारीमपुर के समीप वीर कुंवर सिंह सेतु के नीचे स्थित घाट पर मंगलवार की सुबह करीब 10 बजे स्नान करने पहुंचे दो बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन दूसरा बच्चा गहरे पानी में समा गया। देर शाम तक उसकी तलाश जारी रही। मिली जानकारी के अनुसार छोटकी सारीमपुर निवासी विश्वजीत पांडेय का 13 वर्षीय पुत्र कुश पांडेय अपने एक दोस्त के साथ गंगा स्नान करने घाट पर गया था।
स्नान के दौरान दोनों मित्र अनजाने में गहरे पानी की ओर बढ़ गए और देखते ही देखते डूबने लगे। घाट पर मौजूद लोगों ने एक बच्चे को बाहर निकाल लिया, जबकि कुश पांडेय तेज धारा और गहराई के कारण लापता हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग घाट पर पहुंच गए। कुश की माता कंचन देवी ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद प्रभावी स्तर पर खोजबीन तुरंत शुरू नहीं की गई, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई है। स्थानीय गोताखोरों की मदद से बच्चे की तलाश की जा रही है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। होली जैसे उल्लास के पर्व पर घटी इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।





























































































