खेल रहे बच्चों के बीच मची अफरातफरी, खिलाड़ियों ने जल्द मरम्मत की मांग की बक्सर खबर। शहर के ऐतिहासिक किला मैदान में मंगलवार की सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। मैदान के नहर छोर स्थित मुख्य गेट पर एक 12 चक्का ट्रक की सीधी टक्कर से लोहे का मुख्य द्वार और उससे सटी चारदीवारी धराशायी हो गई। गनीमत रही कि घटना के समय मैदान में खेल रहे बच्चे बाल-बाल बच गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब आठ बजे एक 12 चक्का ट्रक जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर- बीआर 44 जीए 8467 किला मैदान के पीछे नहर की ओर गया था। इसी दौरान चालक जब वाहन को बैक कर रहा था, तभी ट्रक का पिछला हिस्सा मैदान की चारदीवारी और मुख्य गेट से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लोहे का गेट और दीवार भरभराकर गिर पड़े।
मैदान में कई बच्चे खेल रहे थे, जबकि कुछ बच्चे गेट के पास भी मौजूद थे। अचानक हुए हादसे से मैदान में अफरातफरी मच गई। हालांकि संयोगवश किसी बच्चे को चोट नहीं आई। स्थानीय लोगों और खिलाड़ियों ने राहत की सांस ली। घटना के बाद ट्रक दीवार में फंस गया। चालक द्वारा वाहन को निकालने का प्रयास किया जा रहा है। इधर, खिलाड़ियों और स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मुख्य गेट और चारदीवारी की शीघ्र मरम्मत कराई जाए। खिलाड़ियों का कहना है कि यदि मुख्य गेट की मरम्मत नहीं हुई तो मैदान में बड़े वाहनों का बेधड़क प्रवेश शुरू हो जाएगा, जिससे खेल मैदान वाहन स्टैंड में तब्दील हो सकता है और मैदान की सतह भी क्षतिग्रस्त हो जाएगी। उन्होंने प्रशासन से ऐतिहासिक किला मैदान की सुरक्षा और संरक्षण के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।



































































































