विधान परिषद के सभापति ने दुर्गा मांगे, संदीप आर्य, संजीव तिवारी और अशोक पांडेय के नवाचारी प्रयासों को सराहा बक्सर खबर। अखिल भारतीय बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ द्वारा रविवार को पटना के गांधी मैदान के समीप स्थित आईएमए हॉल में भव्य शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक समाज की आधारशिला होते हैं। विद्यालयों में नवाचार और परिवर्तन की दिशा में कार्य करने वाले शिक्षक न केवल बच्चों का भविष्य संवारते हैं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बदलते समय के अनुरूप तकनीक और रचनात्मक शिक्षण पद्धतियों को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि आधुनिक शिक्षा प्रणाली में नवाचार अत्यंत आवश्यक है। समारोह के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों से चयनित शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इसी क्रम में जिले के चार शिक्षकों को विशेष रूप से सम्मान प्रदान किया गया।
प्राथमिक विद्यालय विठ्ठलपुर के शिक्षक दुर्गा मांगे को शिक्षा के क्षेत्र में उनके अनवरत एवं नवाचारी योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वहीं प्राथमिक विद्यालय केंद्रीय कारा के संदीप कुमार आर्य को विशेष परिस्थितियों में बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के उल्लेखनीय प्रयासों के लिए सम्मान मिला। मध्य विद्यालय बेलाउर के संजीव कुमार तिवारी को शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में उत्कृष्ट योगदान हेतु सम्मानित किया गया। इसके साथ ही मध्य विद्यालय बरूना के अशोक कुमार पांडेय को विद्यालय में नवाचार, सहगामी गतिविधियों और बेहतर शिक्षण वातावरण विकसित करने के लिए सम्मान प्रदान किया गया। सम्मान प्राप्त शिक्षकों ने इस उपलब्धि का श्रेय अपने विद्यार्थियों, सहयोगी शिक्षकों एवं परिवारजनों को देते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें और अधिक समर्पण एवं ऊर्जा के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा।































































































