मध्य प्रदेश में रचा इतिहास, 100 मीटर की दौड़ में बने देश के नंबर-1 एथलीट बक्सर खबर। जिले के खेल जगत के लिए मंगलवार का दिन स्वर्णाक्षरों में दर्ज हो गया। शहर के गुरुदास मठिया स्थित फाउंडेशन स्कूल के कक्षा नौवीं के छात्र रिशु कुमार ने राष्ट्रीय स्तर की 100 मीटर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। मध्य प्रदेश के भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में रिशु ने दमदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया और बिहार राज्य, अपने जिले तथा विद्यालय का नाम राष्ट्रीय पटल पर रोशन किया। रिशु कुमार का चयन पूर्व में ही राष्ट्रीय स्तर पर 100 मीटर एथलीट के रूप में हो चुका था, लेकिन इस बार उन्होंने अपनी गति और आत्मविश्वास से प्रतिस्पर्धियों को पीछे छोड़ते हुए स्वर्ण पर कब्जा जमाया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष और गौरव का वातावरण व्याप्त है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज त्रिगुण एवं खेल शिक्षकों ने बताया कि रिशु लगातार अनुशासन और कड़ी मेहनत के साथ अभ्यास कर रहे थे। इसी वर्ष आयोजित विद्यालय के वार्षिक खेलकूद समारोह में उन्हें ‘स्पोर्ट्समैन ऑफ द ईयर’ के सम्मान से भी नवाजा गया था, जो उनकी निरंतर उत्कृष्टता का प्रमाण है। प्रधानाचार्य ने कहा कि यह सफलता विद्यालय के सर्वांगीण विकास के संकल्प का परिणाम है। शिक्षकों का मार्गदर्शन, विद्यार्थियों की लगन और अभिभावकों का सहयोग, इन तीनों के समन्वय से ही ऐसे गौरवपूर्ण क्षण संभव होते हैं। उन्होंने बताया कि इस शैक्षणिक वर्ष में फाउंडेशन स्कूल से यह पांचवां विद्यार्थी है जिसने बिहार की विभिन्न खेल टीमों का प्रतिनिधित्व किया है, जो विद्यालय की खेल संस्कृति की मजबूती को दर्शाता है। समाचार मिलते ही विद्यालय परिसर में खुशी की लहर दौड़ गई। शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों ने मिठाई बांटकर इस उपलब्धि का उत्सव मनाया और रिशु के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सभी को उनके सकुशल लौटने का इंतजार है।































































































