डीएम के आदेश को ठेंगा, शहर फिर पोस्टरों से पटा

0
271

चार जनवरी की सख्ती के बाद भी नहीं सुधरे लोग, स्टेशन रोड पर अवैध बैनरों की भरमार                                 बक्सर खबर। शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा जारी सख्त निर्देशों के बावजूद कुछ निजी स्कूलों और संस्थाओं की मनमानी थमने का नाम नहीं ले रही है। शुक्रवार को शहर के स्टेशन रोड के ज्योति प्रकाश चौक, अंबेडकर चौक समेत कई प्रमुख सड़कों के किनारे लगे बिजली के पोल और सार्वजनिक स्थलों पर फिर से अवैध पोस्टर और बैनर नजर आए। इससे शहर एक बार फिर पुराने अव्यवस्थित रूप में दिखने लगा है। गौरतलब है कि चार जनवरी को जिलाधिकारी साहिला ने स्पष्ट निर्देश जारी किया था कि शहर के चौक-चौराहों, महापुरुषों की प्रतिमाओं के आसपास और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पोस्टर-बैनर लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

आदेश के तहत नगर परिषद के सफाई कर्मियों ने पूरे शहर में अभियान चलाकर अवैध रूप से लगे पोस्टर और बैनर हटाए भी थे। लेकिन आदेश के महज पांचवें दिन, यानी नौ जनवरी को ही कुछ निजी संस्थाओं और स्कूलों द्वारा फिर से पोस्टर चिपकाकर प्रशासन के आदेशों को खुली चुनौती दे दी गई। जिलाधिकारी पहले ही साफ कर चुकी हैं कि बिना अनुमति होर्डिंग, फ्लेक्स और बैनर लगाना बिहार संपत्ति विरूपण निवारण अधिनियम, 1987 के तहत दंडनीय अपराध है। ऐसे मामलों में एफआईआर दर्ज कर भारी जुर्माना वसूला जाएगा। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी चिंता का विषय है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here