मुफस्सिल थानाध्यक्ष ने घायलों को पहुंचाया सदर अस्पताल बक्सर खबर। बक्सर–चौसा मार्ग पर महादेवा घाट के पास शनिवार शाम अचानक दो टेम्पो की जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में एक महिला समेत चार लोग घायल हो गए। हादसा इतना जोरदार था कि दो लोग सड़क पर ही गिरकर तड़पने लगे। उसी समय वहां से गुजर रहे मुफस्सिल थानाध्यक्ष शंभू कुमार भगत ने बिना देर किए रुककर घायलों को अपने वाहन से सदर अस्पताल पहुंचाया। उनकी यह तत्परता लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही।
मिली जानकारी के अनुसार दुर्घटना करीब चार बजे हुआ। महादेवा घाट के समीप दो टेम्पो आमने-सामने भिड़ गए, जिसमें मिश्रवलिया गांव के हरेराम सिंह की पत्नी सुषमा देवी और सोनपा मास्टर डेरा के संजय सिंह के पुत्र रंजीत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी दौरान जिला मुख्यालय की ओर जा रहे थानाध्यक्ष शंभू कुमार भगत की नजर घायलों पर पड़ी। उन्होंने तुरंत वाहन रोका और दोनों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे में दो अन्य लोग भी घायल बताए जा रहे हैं। सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से जख्मी रंजीत कुमार को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है। वहीं, पुलिस ने दोनों टेम्पो चालकों और वाहन से जुड़े मामलों की छानबीन शुरू कर दी है।




























































































