‌‌‌ अंतिम संस्कार में आए वृद्ध की सड़क दुर्घटना में मौत, चालक घायल

0
745

-राजपुर थाना के जलहरा-कौवाखोच मार्ग पर बाइक को बोलेरो ने मारी टक्कर
बक्सर खबर। जिंदगी का अंत कहां और कब कैसे हो जाए, कह नहीं सकते। बुजुर्ग महेंद्र सिंह के साथ रविवार को ऐसा ही हुआ। वे अपने एक रिश्तेदार के श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। शाम में जब घर लौट रहे थे। तभी उनकी बाइक को सामने से आ रही बोलेरो ने टक्कर मार दी। बाइक पर महेन्द्र सिंह के साथ विकास यादव भी सवार था। दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने उन्हें राजपुर के प्रखंड अस्पताल पहुंचाया। लेकिन, चिकित्सकों ने महेन्द्र सिंह (65) को मृत घोषित कर दिया। वे राजपुर थाना के ही श्यामपुर गांव के निवासी थे। बाइक चला रहा युवक विकास यादव रोहतास जिले के भगतगंज गांव का निवासी है।

उसे बेहतर उपचार के लिए वाराणसी रेफर किया गया है। इस संबंध में पूछने पर राजपुर के सहायक थानाध्यक्ष शिव कुमार मंडल ने बताया यह दोनों लोग राजपुर थाना के अहियापुर गांव में एक रिश्तेदार के यहां गए थे। शाम के लगभग छह बजे आस-पास दोनों बाइक द्वारा वहां से लौट रहे थे। जैसे ही गांव से निकल उनकी बाइक जलहरा-कौवाखोंच मार्ग पर आई। सामने से आ रही तेज बोलेरो ने उन्हें टक्कर मार दी। वह चालक भी दुर्घटना के बाद अपना वाहन मौके पर छोड़ भाग गया। दोनों वाहनों को फिलहाल जब्त कर लिया गया है। शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने अभी लिखित आवेदन नहीं दिया है। उनकी शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here