-पीसी में एसपी ने कहा हत्या की योजना बना रहे थे युवक, भेजे गए जेल
बक्सर खबर। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर हथियार के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक देसी कट्टा व दो देसी पिस्टल बरामद हुई है। और कुछ जिंदा कारतूस भी। एसपी शुभम आर्य ने पत्रकार वार्ता के दौरान सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया 29 जून को सूचना मिली। शहर में सिल्वर रंग की एक कार का दो युवक बाइक से पीछा कर रहे हैं। इनके पास हथियान है और वह हमला कर सकते हैं। पुलिस ने नाकाबंदी शुरू कर दी। मुनिम चौक के समीप बगैर नंबर की बाइक को रोका गया। उस पर रोहित कुमार यादव सवार था। वह औद्योगिक थाना के अहिरौली गांव का निवासी है।
तलाशी के दौरान उनके पास से एक देसी तमंचा और पांच जिंदा कारतूस मिले। पूछताछ में उसने बताया हमें यह हथियार सिकरौल थाना के घुनसारी गांव निवासी अरविंद सिंह ने दिया था। पुलिस ने उस गांव में धावा बोला। आरोपी पकड़ा गया। उसने दो और लोगों का नाम बताया। अपने गांव के सुधीर राम व बक्सर नगर थाना के शिवपुरी मोहल्ला निवासी अमित पांडेय का। पुलिस ने उन्हें भी दबोच लिया। इनके पास से दो देसी पिस्टल बरामद हुए। एसपी ने बताया, गिरफ्तार रोहित यादव का पुराना आपराधिक इतिहास है। इनसे कई महत्वपूर्ण सूचना मिली है। कुछ और लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।