अहियापुर में बालू व्यवसाय को लेकर वर्चस्व की जंग में तीन की मौत, दो जख्मी

0
3632

तनाव में गांव, गुस्साए ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखा, एसपी और डुमरांव विधायक मौके पर मौजूद          बक्सर खबर। शनिवार सुबह अहियापुर गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया जब आपसी वर्चस्व को लेकर दो गुटों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग हो गई। सुबह करीब पांच बजे हुई इस घटना में तीन लोगों की जान चली गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान विनोद सिंह, वीरेंद्र यादव और सुनील सिंह के रूप में हुई है। विनोद और वीरेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुनील सिंह ने सदर अस्पताल ले जाते वक्त दम तोड़ दिया। घायल अमित कुमार उर्फ मंटू (25) और पूजन सिंह (45) को प्राथमिक इलाज के बाद वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।

घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने धनसोई-जलहरा नहर मार्ग पर शवों को रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई है और तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों की मांग है कि जब तक वरीय पुलिस अधिकारी नहीं पहुंचते, तब तक शवों का पोस्टमार्टम नहीं होने देंगे। सूत्रों के मुताबिक, मृतक परिवार की बालू की दुकान गांव के पास नहर के किनारे स्थित है। शुक्रवार शाम इसी को लेकर पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष के पति मनोज यादव से विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह मृतक पक्ष के लोग चबूतरे पर बैठे थे तभी मनोज यादव गुट के लोग चार पहिया वाहन से आए और अंधाधुंध फायरिंग कर दी।

नहर मार्ग पर ग्रामीणों की भीड़

इस पूरे घटनाक्रम में पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष के पति मनोज यादव का नाम सामने आया है, हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य और डुमरांव विधायक डॉ अजीत कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचकर लोगों को समझने का प्रयास कर रहे हैं वही शाहाबाद रेंज के डीआईजी सत्य प्रकाश घटनास्थल पर पहुंचने वाले हैं। पुलिस ने क्षतिग्रस्त चार पहिया वाहन को जब्त कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए हैं। पुलिस की टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं और गांव में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। बक्सर खबर पर आगे की जानकारी के लिए हमारे साथ जुड़े रहें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here