कार्यालय पर हुआ गर्मजोशी से स्वागत, दोनों नेताओं को जिला महासचिव समेत महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां बक्सर खबर। बिहार के लोकप्रिय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के न्याय के साथ विकास के विजन से प्रभावित होकर जिले के दो मजबूत नेताओं दिवाकर दुबे उर्फ पिंटू दुबे (ग्राम: जलवाशी) और अर्जुन तिवारी (ग्राम: उपाध्यापुर) ने एक बार फिर जदयू का दामन थाम लिया। गुरुवार को दोपहर 3 बजे जदयू जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह की अगुवाई में दोनों नेताओं का पार्टी में गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
इस अवसर पर दिवाकर दुबे को जदयू का प्राथमिक सदस्य बनाए जाने के साथ-साथ जिला जदयू महासचिव के पद की जिम्मेदारी भी सौंपी गई। अर्जुन तिवारी को भी पार्टी में अहम भूमिका दी गई है। इन दोनों नेताओं के साथ-साथ सतेंद्र सिंह, मुरली सिंह, मनोज सिंह समेत दर्जनों कार्यकर्ताओं ने भी जदयू की सदस्यता ग्रहण की और पार्टी को मजबूत करने का संकल्प लिया। सदस्यता कार्यक्रम के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता संतोष चौधरी, विश्वनाथ पासवान, आजाद सिंह राठौर, विजय कुशवाहा, राजेश कुशवाहा और भोला यादव समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।