-चुनाव आते ही खुद का रोजगार छोड़ उतर आते हैं मैदान में
बक्सर खबर। राजनीति का नशा भी जिसे लग जाए। उसे घर-परिवार की चिंता नहीं रहती। आपके सामने तस्वीर में दिखने वाले शख्श को लोग धन्नू मिस्त्री के नाम से जानते हैं। वैसे इनका पूरा नाम ताफिर हुसैन है। वे नगर के सोहनी पट्टी इलाके के रहने वाले हैं। उनकी राजनीति में इतनी दिलचस्पी है कि चुनाव लोकसभा का हो या विधानसभा का। हर बार नामांकन करते हैं। उन्होंने अपना दल भी बनाया है। जिसका नाम हिन्दुस्तान विकास दल है।
स्वयं ही पार्टी के अध्यक्ष हैं। लेकिन, इस वर्ष चुनाव नहीं लड़ रहे। लेकिन, प्रचार में जरुर जुट गए हैं। उन्होंने महागठबंधन के लिए वोट मांगना शुरू कर दिया है। प्रचार का उनका अंदाज भी निराला है। बाइक पर माइक बांध लेते हैं। जो उनका खुद का है। आगे झंडा पीछे माइक। उनका नारा वहीं है, जो खुद के लिए लगाते थे। जय बिहार, हालांकि वर्तमान दौर को देखकर कुछ नया जोड़ा है।
पूछने पर कहते हैं, मैं बिहार के भले के लिए ऐसा कर रहा हूं। खैर धन्नू मिस्त्री यह जिसके लिए कर रहे हों। लेकिन, वे और उनकी प्रचार गाड़ी शहर में आकर्षण का केन्द्र हैं। इससे पहले के चुनाव में वे साइकिल से भी खुद का प्रचार किया करते थे। पिछले दिनों शहर की सड़क पर प्रचार करते दिख गए। हमारे संवाददाता ने पूछा तो कहने लगे। रोज तो घर परिवार और रोजगार का काम होता ही है। यह लोकतंत्र का त्योहार है। इसका अपना अलग आनंद है।


































































































