बक्सर खबर। शहर के पीपी रोड में डा. तनविर फरीदी अपना क्लिनिक चलाते हैं। शुक्रवार की शाम विजय केशरी नाम का युवक पहुंच गया। सूचना के अनुसार वह नशे में था और हाथ में चाकू लिए हुए था। डाक्टर कहां है यह कहते हुए अंदर दाखिल हुआ। संयोग से डाक्टर उस वक्त वहां नहीं थे। अंदर दाखिल हुआ तो मौजूद कर्मियों ने रोका। आक्रोशित विजय केशरी ने उसपर हमला कर दिया। लेकिन मौजूद गार्ड और कर्मी ने उसे पकड़ लिया। पुलिस को सूचना दी गई। इस बीच वह भागकर एक जगह छिप गया। तुरंत ही पुलिस पहुंची और उस घर से निकाल विजय केशरी को गिरफ्तार कर लिया। नगर थानाध्यक्ष दयानंद सिंह ने बताया उसका मेडीकल कराया गया। शराब पीने की पुष्टि हुई तो उसे जेल भेज दिया गया।
बहुत दिनों से कर रहा था परेशान
बक्सर खबर। पुलिस द्वारा हिरासत में लिया गया विजय केशरी पहले डा. तनविर फरीदी के यहां ही काम करता था। लेकिन, उसकी बुरी लत के कारण डाक्टर ने उसे कुछ माह पहले हटा दिया। उसके बाद से ही वह अक्सर ऐसी हरकत कर रहा था। पूछने पर डाक्टर फरीदी ने बताया एक सप्ताह पहले भी उसने मेरी कार पर हमला किया था। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। तुरंत कार्रवाई हुई। तब उससे पुलिस ने बांड भरवाया ऐसी हरकत दुबारा नहीं करेगा। बावजूद इसके दुबारा यह घटना हुई। डाक्टर ने कहा मुझे बार-बार परेशान किया जा रहा है। पुलिस ने दोनों बार त्वरित कार्रवाई की। मेरी शिकायत नहीं है लेकिन, अगर ठोस कदम नहीं उठाया गया तो वह ऐसी हरकत बार-बार करेगा। शनिवार को ऐसे हालात से निपटने के लिए आई एम ए की बैठक हुई। जिसमें यह मुद्दा उठा।


































































































