बक्सर खबर : किला मैदान में सोमवार को आयोजित कार्यक्रम किसका था? जाहिर है उसे एसजीवीएन कंपनी ने आयोजित किया था। अगर वह भाजपा का कार्यक्रम नहीं था। तो उसका लोकतांत्रिक विरोध कैसे गलत हो गया। हमारे कार्यकर्ता मर्यादा के साथ उसका विरोध कर रहे थे। बावजूद इसके वहां जो हुआ। वह घोर निंदनीय है। यह बातें तथागत हर्षवद्र्धन जिलाध्यक्ष कांग्रेस ने कहीं। मंगलवार को उन्होंने अपनी बात रखने के लिए पार्टी कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया। कार्यक्रम की प्रयोजक एसजीवीएन कंपनी को चुनौती दी।
कहा हम इसकी पोल खोल कर रख देंगे। जरुरत पड़ी तो आरटीआई अथवा न्यायालय भी जाएंगे। लेकिन हमारे कार्यकर्ताओं के साथ जो हुआ। वह बर्दाश्त नहीं। वहीं दूसरी तरफ सदर विधायक संजय उर्फ मुन्ना तिवारी ने फेसबुक पर इस घटना की आलोचना करते हुए जलियां वाला बाग की याद ताजा होने की बात कही है। विधायक व जिलाध्यक्ष ने अपने-अपने बयान में इसकी घोर आलोचना की। तथागत ने कहा जनता के पैसे की बर्बादी हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। प्रशासन के पास उस कार्यक्रम का वीडियो फुटेज है। वह दोषियों की पहचान करे। उनके खिलाफ कार्रवाई हो। उनके अनुसार भाजपा के लोगों ने हंगामा खडा किया। भीड़ में उनके कार्यकर्ताओं पर लाठी व लोहे की राड से प्रहार किया। जिसमें दल के दर्जनों कार्यकर्ता घायल हुए हैं। कांग्रेस ने भी इसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व विधायक श्रीकांत पाठक, घायल नेता कामेश्वर पांडेय, राजऋषी राय, राहुल आनंद आदि उपस्थित रहे।

































































































