बक्सर खबर : जन समस्याओं के निपटारे के लिए जिलाधिकारी रमण कुमार ने सोमवार को लीक से हटकर काम किया। समाहरणालय में गुरुवार को साप्ताहिक जनता दरबार लगता है। इसके विपरीत जिलाधिकारी ने नगर परिषद कार्यालय में ही जनता दरबार लगाया। सुबह दस बजे से दोपहर एक बजे तक वहां बैठ एक-एक कर आते लोगों की समस्या सुनते रहे। नाली से लेकर गली तक समस्या सुनाने लोग पहुंचे। समस्याओं के निदान के लिए नगर परिषद की मुख्य पार्षद से लेकर कर्मचारियों तक को वहीं बुला लिया गया था। जन शिकायतों के बाद प्रशासनिक बैठक शुरु हुई। उसमें एसडीओ गौतम कुमार ने डीएम को बताया कि रामरेखा घाट, शहर के श्मशान घाट का बहुत बुरा हाल है। वहां लाइट के हाई मास्ट लगे हैं। पर तकनीकि खराबी के कारण जल नहीं रहे हैं। श्मशान घाट ऐसी जगह है। जहां रात के वक्त भी लोगों का आना जाना लगा रहता है। वहां प्रकाश का इंतजाम होना चाहिए। डीएम ने नगर परिषद और बिजली विभाग के लोगों को इसका निर्देश दिया। सप्ताह भर के अंदर इस पर कार्रवाई होनी चाहिए। इसके अलावा ताड़का नाला के अतिक्रमण पर भी उन्होंने संज्ञान लिया। स्वयं उसे देखने भी गए। शहर में सड़क किनारे फुटपाथी दुकानों पर भी उचित कार्रवाई का निर्देश उन्होंने दिया। इसके लिए कोई स्थान चिह्नित कर मंडी लगाने की बात कही गयी। चलते-चलते उन्होंने सभी को हिदायत दी। जो भी निर्देश आप सभी को दिए गए हैं। उसपर क्या कार्रवाई हुई, इसकी समीक्षा एक सप्ताह बाद फिर होगी।






























































































