‌‌‌ भोली-भाली महिला के घर से गहने ले भागा ठग

0
2509

-बच्चे की बीमारी का राज बता पूजा करने का दिया झांसा
बक्सर खबर। भोली भाली महिला को जींस पहने आए ठग ने डेढ़ लाख रुपये का चूना लगा दिया। घटना मुरार थाना क्षेत्र के कोन्ही गांव की है। पीड़ित महिला रीतू देवी ने इसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई है। सूचना के अनुसार बुधवार को दोपहर बाद महिला घर में अकेली थी। सास बाजार से सामान लेने गई थी। इसी बीच बाइक से एक युवक जींस पहने महिला के दरवाजे पर आया और मंदिर निर्माण के लिए चंदा मांगने लगा। महिला से बात चल रही थी कि उसने बीच में कहा मैं आपके घर से चंदा नहीं ले सकता। क्योंकि आपके यहां अनिष्ट होने वाला है। महिला डर गई, उसने कारण पूछा तो वह बोला आपका बच्चा बीमार चल रहा है। सावन की पूर्णिमा तक अनहोनी की संभावना है।

दो वर्ष के बच्चे की मां उसके झांसे में आ गई। समाधान पूछा तो कहा अभी आंगन में पूजा कर समस्या का समाधान कर देंगे। एक मुट्ठी चावल व 11 रुपये की जरुरत है बस। महिला तैयार हो गई। आंगन में कंबल बिछा वह पूजा में जुट गया। महिला से कहा पूजा के स्थल पर कुछ आभूषण लाकर रखो। वह गई और अलमारी से एक छोटा नथिया लाकर वहां रख दिया। उसने कहा अब तुम यहां नहीं आना। जाकर बच्चे के पास बैठो जहां वह सो रहा है। इसी दौरान उसकी सास रेशमा देवी भी आई गई। उसको भी यही सलाह दिया। पूजा पर आप लोगों की नजर नहीं पड़नी चाहिए।

दोनों उस कमरे में जाकर बैठ गई। इधर वर मंत्र जोर-जोर से कुछ मंत्र पढ़ता रहा। लेकिन, उस कमरे में चला गया। जहां आभूषण रखे थे। वहां आलमारी से अन्य गहने निकाल लिए। किसी को भनक नहीं लगने दी। फिर पूजा का सामान बाहर फेंकने की बात कह वह चला गया। और लौट कर नहीं आया। उन दोनों को शक हुआ। दूसरे कमरे में गई तो देखा अलमारी खुली है। तब उन्हें समझ में आया कि वह पूजा पाठ करने वाला नहीं एक ठग था। पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पति परदेस में नौकरी करता है। बच्चा कुछ बीमार चल रहा है। इसलिए हम लोग उसके झांसे में आ गए हैं। यह घटना इस बात की सीख देती है कि इस तरह के ठगों से सावधान रहे। ऐसे ठग किसी को भी अपना निशाना बना सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here