सात साल पहले हुई थी शादी, पुलिस ने एफएसएल टीम के साथ शुरू की जांच बक्सर खबर। सिकरौल थाना क्षेत्र के जिगना गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। सात वर्ष पूर्व हुई शादी के बाद अचानक हुई इस घटना ने न केवल परिजनों, बल्कि ग्रामीणों को भी झकझोर कर रख दिया है। मृतका की पहचान रीना देवी के रूप में हुई है, जिनकी शादी जिगना गांव निवासी इंदल राम के साथ सात साल पहले हुई थी। बताया जा रहा है कि शादी के बाद सब कुछ सामान्य था, लेकिन अचानक हुई इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
मायके पक्ष ने इस मौत को हत्या बताते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका के भाई धर्मवीर राम (निवासी चिलहरी) का आरोप है कि उनकी बहन की गला दबाकर हत्या की गई है। हालांकि, ससुराल पक्ष की ओर से अब तक कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी जांच में शामिल किया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।

































































































