हत्या के मामले में 7 साल से फरार चल रहे 15-15 हजार के इनामी को विशेष टीम ने कलबुर्गी से दबोचा बक्सर खबर। जिला पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। बक्सर पुलिस ने जिले के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल दो सगे भाइयों को कर्नाटक से गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। दोनों आरोपियों पर 15-15 हजार का इनाम घोषित था। इस महत्वपूर्ण कामयाबी का खुलासा गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित पुलिस कार्यालय में आयोजित एक प्रेसवार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने किया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान इटाढ़ी थाना क्षेत्र के पसहरा गांव निवासी दिवंगत फूलन यादव के बेटों विकास कुमार उर्फ विकास यादव और मुलायम यादव के रूप में हुई है। एसपी शुभम आर्य ने बताया कि दोनों आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे। तकनीकी और मानवीय इनपुट के आधार पर पुलिस टीम को सूचना मिली कि दोनों आरोपी राज्य से बाहर छिपे हैं।
इसके बाद बक्सर पुलिस की विशेष टीम ने कर्नाटक राज्य के कलबुर्गी जिला अंतर्गत शाहाबाद थाना क्षेत्र के रिंग रोड पर छापेमारी कर दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी बीते 18 मई को की गई। पुलिस के अनुसार, इन दोनों कुख्यात अपराधियों के खिलाफ बक्सर के मुफस्सिल थाने में कांड संख्या- 186/2019 दर्ज है। इनके खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 302/34 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत हत्या का संगीन मामला दर्ज है। दोनों आरोपी काफी लंबे समय से फरार चल रहे थे और न्यायालय द्वारा इनके खिलाफ वारंट भी जारी किया जा चुका था। इन फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा सदर एसडीपीओ गौरव पाण्डेय के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम लगातार अपराधियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।
































































































