लाइफ जैकेट अनिवार्य और क्षमता से अधिक सवारी पर रोक बक्सर खबर। जबलपुर स्थित बरगी डैम में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे के बाद जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में रविवार को सदर एसडीएम अविनाश कुमार एवं एसडीपीओ गौरव पांडेय ने शहर के प्रमुख रामरेखा घाट पहुंचकर गंगा में नाव विहार एवं परिचालन व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाट पर मौजूद नाविकों और पंडा समाज के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि सभी नावों पर पर्याप्त संख्या में लाइफ जैकेट उपलब्ध होना अनिवार्य है और प्रत्येक यात्री को इसे पहनाना सुनिश्चित किया जाए।
साथ ही नावों में क्षमता के अनुरूप ही यात्रियों को बैठाने की सख्त हिदायत दी गई। सदर एसडीएम अविनाश कुमार ने कहा कि मौसम खराब होने या तेज हवा चलने की स्थिति में नावों का परिचालन तत्काल बंद कर दिया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। उन्होंने यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी नाविकों से प्रशासनिक निर्देशों का पूर्ण पालन करने की अपील की। वहीं एसडीपीओ गौरव पांडेय ने चेतावनी दी कि सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।






























































































