घर से नगदी और ढाई लाख के जेवर भी गायब, पति ने दर्ज कराई प्राथमिकी बक्सर खबर। सात फेरे के महज आठ दिन बाद एक नवविवाहिता के अचानक लापता हो जाने से ससुराल पक्ष में हड़कंप मच गया। मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र का है। पति ने पत्नी पर कथित प्रेमी संग फरार होने का आरोप लगाते हुए थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार चौसा नगर पंचायत के नरबतपुर निवासी मिथिलेश कुमार यादव की शादी 8 मई को भोजपुर जिले के बहोरनपुर थाना क्षेत्र के लक्छु टोला निवासी सोनी कुमारी के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के बाद नवविवाहिता के ससुराल आने पर परिवार में खुशी का माहौल था।
पीड़ित पति ने बताया कि 17 मई की रात परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद सो गए थे। गर्मी अधिक होने के कारण वह छत पर सोने चला गया। सुबह जब परिजन जागे तो नवविवाहिता घर में नहीं मिली। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसी दौरान घर में रखे सोने के आभूषण और करीब 45 हजार रुपये नगद भी गायब मिले। परिजनों के अनुसार गायब जेवरात की कीमत ढाई लाख रुपये से अधिक है। पति ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी किसी युवक के साथ फरार हुई है। मामले को लेकर मुफस्सिल थाना में मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

































































































