राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए प्रधान जिला जज ने न्याय रथ को दिखाई हरी झंडी

0
55

ऑडियो और जिंगल के माध्यम से लोगों को कानूनी अधिकारों के प्रति किया जाएगा जागरूक                                      बक्सर खबर। व्यवहार न्यायालय परिसर से सोमवार को द्वितीय राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के लिए ‘न्याय रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार काजल झांब, प्राधिकार की सचिव नेहा दयाल तथा जिला अधिवक्ता संघ के सचिव बिंदेश्वरी प्रसाद पांडेय मौजूद रहे। रवाना किए गए न्याय रथ जिले के सभी प्रखंडों एवं शहर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में जाकर 9 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व की जानकारी देंगे। इस दौरान रथों पर राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार ऑडियो और जिंगल सॉन्ग बजाए जाएंगे, जिनके माध्यम से आम लोगों को लोक अदालत और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा।

सचिव नेहा दयाल ने बताया कि न्याय रथ के जरिए बाल विवाह निषेध अधिनियम, समाधान समारोह, राष्ट्रीय लोक अदालत, मानव तस्करी एवं दुर्व्यवहार, तेजाब हमले से संबंधित कानूनों और मध्यस्थता के लाभ जैसे विषयों पर व्यापक जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को लोक अदालत से जोड़ना और सुलह-समाधान के जरिए मामलों का त्वरित निपटारा सुनिश्चित करना है। इस मौके पर न्यायाधीश मनोज कुमार, सुनील कुमार सिंह, मानस कुमार, अमित कुमार शर्मा, कमल कुमार, भोला सिंह, महेश्वर पांडेय के अलावा केनरा बैंक के चीफ मैनेजर रविश वर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here