आईटीआई, स्नातक और बीटेक के अभ्यर्थी ले सकते हैं भाग बक्सर खबर। जिले के युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर सामने आया है। डुमरांव अनुमंडल के केसठ स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में 6 मई को परिसर चयन शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में पुणे स्थित प्रतिष्ठित कंपनी जेबिल सर्किट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को आमंत्रित किया गया है। संस्थान से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह चयन शिविर पूर्णतः निःशुल्क होगा। इसमें आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के साथ-साथ स्नातक, डिप्लोमा और बीटेक पास उम्मीदवार भी भाग ले सकते हैं। कंपनी द्वारा एफटीसी पद के लिए कुल 300 अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है। चयनित उम्मीदवारों को 21 हजार रुपये मासिक सीटीसी तथा लगभग 22 हजार 500 रुपये हाथ में वेतन दिया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति पुणे के रंजनगांव स्थित कंपनी इकाई में की जाएगी। संस्थान के प्राचार्य मो. मसूद रशीद ने इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे 6 मई को सुबह 10 बजे तक संस्थान परिसर में उपस्थित होकर चयन प्रक्रिया में भाग लें। अभ्यर्थियों को अपने साथ आधार कार्ड, पैन कार्ड, बायोडाटा, पासपोर्ट साइज फोटो एवं सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से लाना होगा।































































































