15 माह का बेटा रोता मिला घर में, मायके में रह रही थी महिला, जांच में जुटी पुलिस बक्सर खबर। जिले के नावानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत केसठ गांव में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक 25 वर्षीय विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतका की पहचान पूजा देवी (25 वर्ष), पिता सुनील यादव के रूप में हुई है। उसकी शादी कोरान सराय थाना क्षेत्र के नजीरगंज गांव निवासी मोहन यादव के साथ हुई थी। बताया जाता है कि पूजा पिछले कुछ दिनों से अपने मायके केसठ गांव में रह रही थी।
घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था। उसकी मां खेत में काम करने गई थी, जबकि छोटी बहन स्कूल गई हुई थी। घर में केवल उसका 15 माह का मासूम बेटा ही मौजूद था। जब मां खेत से लौटकर घर पहुंची तो बच्चे को रोते हुए देखा। बेटी को खोजते हुए जब वह गौशाला की ओर गई, तो वहां शेड की कुंडी से दुपट्टे के सहारे लटकता हुआ शव देखकर चीख पड़ी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

































































































