12 मई को होगा मतदान और 14 को मतगणना, आदर्श आचार संहिता लागू बक्सर खबर। भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली द्वारा भोजपुर-सह-बक्सर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र के उपचुनाव की घोषणा के बाद जिले में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर समाहर्त्ता अरुण कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के अध्यक्ष एवं सचिव उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी दलों को निर्वाचन कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की अपील की।
चुनाव कार्यक्रम इस प्रकार है: अधिसूचना जारी 16 अप्रैल, नामांकन की अंतिम तिथि 23 अप्रैल, नामांकन पत्रों की जांच 24 अप्रैल, उम्मीदवारी वापसी की अंतिम तिथि 27 अप्रैल, मतदान 12 मई सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक और मतगणना 14 मई को होगी। जिलाधिकारी ने बताया कि इस निर्वाचन क्षेत्र के लिए भोजपुर के जिला पदाधिकारी को निर्वाची पदाधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि बक्सर एवं डुमरांव के अनुमंडल पदाधिकारी सहायक निर्वाची पदाधिकारी के रूप में कार्य करेंगे।जिले के सभी 11 प्रखंडों में मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां संबंधित नगर निकायों के मतदाता भी अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान केंद्रों की सूची सभी जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध करा दी गई है, जिस पर किसी भी दल ने आपत्ति नहीं जताई। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि प्रेस नोट जारी होते ही आदर्श आचार संहिता लागू हो चुकी है, जिसका कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।

































































































