कमरे में रखे अलमारी से बरामद हुए 1.15 लाख रुपए और देशी राइफल बक्सर खबर। पुलिस की एक विशेष टीम ने ब्रह्मपुर चौरस्ता के पास छापेमारी कर एक घर से भारी मात्रा में नकदी, अवैध हथियार और शराब के साथ 06 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक को गुरुवार को गुप्त सूचना मिली थी कि ब्रह्मपुर चौरस्ता के समीप रहने वाला रामेश्वरनाथ तिवारी अपने घर पर कुछ लोगों के साथ शराब पार्टी कर रहा है और उसके पास अवैध हथियार भी मौजूद हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने जब रामेश्वरनाथ तिवारी के आवास पर विधिवत छापेमारी की, तो मौके पर 06 लोग शराब पीते हुए पाए गए।
तलाशी के दौरान पुलिस ने कमरे में रखे एक गोदरेज अलमारी से एक देशी राइफल और एक लाख पंद्रह हजार रुपये नकद बरामद किए। बरामद राशि और हथियार के संबंध में पकड़े गए लोग कोई भी वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने इस मामले में ब्रह्मपुर निवासी रामेश्वरनाथ तिवारी एवं सुधांशु रंजन, सपही के अमित कुमार पाण्डेय और संजय साह, बलिया निवासी अमित कुमार राय और भोजपुर जिले के सोनवर्षा निवासी प्रियांशु मिश्रा को गिरफ्तार किया है। इस छापेमारी टीम में एसडीपीओ पोलस्त कुमार के साथ ब्रह्मपुर थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार, पु.अ.नि. रितेश कुमार और ब्रह्मपुर थाने का सशस्त्र बल शामिल था।






























































































