-डीएवी बक्सर का रहा है पूर्ववर्ती छात्र, फिजिक्स ओलंपियाड में था नंबर वन
बक्सर खबर। बक्सर के रहने वाले होनहार छात्र ओम रतन तिवारी को जे ई ई मेन्स की परीक्षा में 99.88 प्रतिशत अंक मिले हैं। उसकी इस सफलता पर मां सुषमा देवी और पिता अजीत कुमार तिवारी भी झूम उठे हैं। जब पुत्र सफल हो तो सबसे अधिक माता-पिता को ही प्रसन्नता होती है। ओम शहर के विष्णुपुरी (एंबेसडर होटल के समीप) का निवासी है। पिता प्रतिष्ठित व्यवसायी हैं। उन लोगों ने बताया पहली से आठवीं तक पढ़ाई उसने डीएवी बक्सर से की है।
उसकी रूचि फिजिक्स में थी। पिछले वर्ष जब फिजिक्स ओलंपियाड में वह शामिल हुआ तो देश में उसे प्रथम स्थान मिला था। फिलहाल उसका दाखिला लखनऊ पब्लिक स्कूल में है। घर से ही ऑनलाइन वह फिजिक्स की क्लास भी लेता है। ओम के पिता के मित्रों ने पुत्र की सफलता पर बधाई देते हुए कहा, आज उसने बक्सर का मान बढ़ाया है। हमारी मंगल कामना है। वह बिहार और देश का मान बढ़ाए।
































































































