नेताओं व कार्यकर्ताओं ने त्याग, तपस्या और जनसेवा की मिसाल को किया नमन बक्सर खबर। शहर में आजीवन कांग्रेसी और बाबा के नाम से चर्चित पंडित मोहन तिवारी की 28वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ रविवार को चरित्रवन स्थित मनोहर मिल में मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उनके तैलचित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की गई। बड़ी संख्या में उनके समर्थक, शिष्य और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी ने कहा कि पंडित मोहन तिवारी हम सभी के अभिभावक थे। वे हर व्यक्ति की भलाई के लिए सदैव तत्पर रहते थे और जरूरतमंदों को आगे बढ़ाने में बढ़-चढ़कर सहयोग करते थे। उन्होंने कहा कि हम सभी उनके त्याग और तपस्या को अपने जीवन में आत्मसात कर आगे बढ़ने का प्रयास कर रहे हैं। उनके दिखाए मार्ग पर चलकर ही हमने अपने जीवन को आदर्श बनाने की कोशिश की है।
उनके शिष्य एवं पूर्व प्रदेश सचिव कामेश्वर पांडेय ने भावुक शब्दों में श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि पंडित मोहन तिवारी पूर्ण रूप से मानवीय मूल्यों से ओत-प्रोत व्यक्तित्व थे। उनका न कोई मित्र था, न कोई शत्रु, उनका एकमात्र लक्ष्य था सबकी मदद करना और सबकी भलाई करना। उन्होंने कहा कि वे अपना सर्वस्व लुटाकर भी संतुष्ट नहीं होते थे। सेवा ही उनका धर्म था। ऐसी महान आत्मा को मैं बार-बार नमन करता हूं। कार्यक्रम में चौसा प्रखंड अध्यक्ष राजा रमन पांडे, व्यवसायिक प्रकोष्ठ अध्यक्ष ईश्वर चंद्र गुप्ता, इंजीनियर राम प्रसन्न द्विवेदी, इंटक नेता पप्पू पांडे, अभय पांडे, सत्यम, शुभम तिवारी, विवेक तिवारी, गुप्तेश्वर चौबे, वीरेंद्र चौबे एवं बबन उपाध्याय सहित अन्य लोगों ने भी पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।































































































