दो दिनों से विक्षिप्त अवस्था में घूम रही थी महिला, आधार कार्ड से हुई पहचान बक्सर खबर। जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सरेजा गांव में रविवार की सुबह सड़क किनारे झाड़ियों में एक वृद्ध महिला का शव बरामद किया गया। सुबह टहलने निकले ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना राजपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ-साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया गया।राजपुर थाना प्रभारी निवास कुमार ने पत्रकारों को बताया कि मृत महिला की पहचान
रोहतास जिले के कोचस गांव निवासी लाली कुंवर उम्र लगभग 65 वर्ष, पति रामचंद के रूप में हुई है। पुलिस को महिला के पास से एक झोला मिला, जिसमें आधार कार्ड सहित अन्य जरूरी सामान मौजूद था। आधार कार्ड के आधार पर ही उसकी शिनाख्त की गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि उक्त महिला पिछले दो दिनों से राजपुर क्षेत्र में विक्षिप्त अवस्था में इधर-उधर घूमती देखी जा रही थी। प्रारंभिक तौर पर किसी बाहरी चोट के स्पष्ट निशान की पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा परिजनों को सूचना दे दी गई है।
































































































