शिक्षकों को मिला कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन का विशेष प्रशिक्षण, विद्यालय को मिलेगी सीपीआर डमी बक्सर खबर। रोटरी क्लब के जिला इकाई द्वारा शनिवार को शहर के नई बाजार स्थित सेंट मैरी स्कूल में कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन कैंप का सफल आयोजन किया गया। इस स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम में दर्जनों शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लेकर जीवन रक्षक प्रशिक्षण प्राप्त किया। कार्यक्रम का उद्देश्य हृदयगति रुकने या आकस्मिक आपात स्थिति में तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने की जानकारी देना था। प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने सीपीआर की तकनीक, समय पर प्रतिक्रिया और सही दबाव की विधि के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कैंप में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रोटरी अध्यक्ष और जिले के मशहूर चिकित्सक डॉ. दिलशाद आलम ने कहा कि सीपीआर जैसी सरल लेकिन प्रभावी तकनीक से हजारों जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।
उन्होंने जोर देते हुए कहा, आपात स्थिति में पहले कुछ मिनट सबसे निर्णायक होते हैं। यदि हर शिक्षक और आम नागरिक सीपीआर की सही तकनीक सीख लें, तो असमय होने वाली अनेक मौतों को रोका जा सकता है। यह केवल प्रशिक्षण नहीं, बल्कि जीवन बचाने की जिम्मेदारी है। रोटरी क्लब के सदस्यों ने बताया कि आज के समय में चिकित्सक और प्रशिक्षित नागरिक दोनों मिलकर समाज में जीवन सुरक्षा की मजबूत श्रृंखला बना सकते हैं। रोटरी के प्रेसिडेंट-इलेक्ट निर्मल कुमार सिंह एवं सचिव एसएम साहिल ने भी सीपीआर प्रशिक्षण की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि थोड़े से अभ्यास और जागरूकता से गंभीर मरीजों को तत्काल राहत दी जा सकती है।

कार्यक्रम में रोट्रैक्ट से राहुल, साबित, खिदमत हॉस्पिटल से प्रमोद और मनीष सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। शिक्षिका रश्मि ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से शिक्षकों का मनोबल बढ़ता है और विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों की सुरक्षा और अधिक सुनिश्चित होती है। अंत में धन्यवाद ज्ञापन करते हुए डॉ. दिलशाद आलम ने घोषणा की कि रोटरी क्लब की ओर से विद्यालय को एक सीपीआर डमी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि भविष्य में भी नियमित रूप से इस तरह के प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जा सकें। विद्यालय की ओर से सभी रोटरी सदस्यों का शॉल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में मिस फिलोमीना, राजीव रंजन, रश्मि मित्र सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।






























































































