प्रेम-प्रसंग मामले में गिरफ्तार युवक शौचालय की खिड़की तोड़कर भागा था बक्सर खबर। नगर थाना कांड सं0-24/2026 दिनांक – 13.01.26 धारा 96/3(5) बीएनएस के वांछित नामजद अभियुक्त फरहान जुबैर, पिता जावेद कुरैशी, निवासी खलासी मुहल्ला को प्रेम-प्रसंग से जुड़े एक मामले में पुलिस ने 18 जनवरी को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद 19 जनवरी, सुबह अभियुक्त ने शौच जाने का अनुरोध किया। नियमानुसार पुलिस बल उसे शौचालय ले गया, जहां उसने चालाकी दिखाते हुए हथकड़ी को सरका लिया और शौचालय की खिड़की तोड़कर फरार हो गया।
घटना को गंभीरता से लेते हुए नगर थाना में 19 जनवरी को अभियुक्त के विरुद्ध पुनः कांड सं0-39/26 धारा 262 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी। पुलिस की सतत कार्रवाई और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर आखिरकार फरहान जुबैर को शनिवार को स्थानीय रेलवे स्टेशन से विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जा रही है और इस संबंध में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।






























































































