हत्या में इस्तेमाल लोहे का बाट बरामद, पुरानी रंजिश के चलते संतोष वर्मा की हुई थी हत्या बक्सर खबर। शहर के मेन रोड स्थित तूरहा टोली, आर्य मंदिर के समीप हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। आपसी विवाद में हुई इस हत्या मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से गुरुवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 17 फरवरी को रात्रि लगभग 10 बजे सूचना प्राप्त हुई कि नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत आर्य मंदिर के पास संतोष कुमार वर्मा की हत्या कर दी गई है। घटना के बाद 18 फरवरी को मृतक के पुत्र द्वारा नगर थाना में नामजद आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी शुभम आर्य के निर्देशन में सदर एसडीपीओ गौरव कुमार पांडेय के नेतृत्व में नगर थाना की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्य एवं मानवीय आसूचना के आधार पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। छापेमारी के दौरान तूरहा टोली निवासी धोना तूरहा के पुत्र मंटू तूरहा और भोला तूरहा को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि मृतक के साथ उनका पूर्व से आपसी विवाद चल रहा था। उसी रंजिश में हत्या की घटना को अंजाम दिया गया। दोनों आरोपियों को आवश्यक विधि-सम्मत कार्रवाई के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक किलो का लोहे का बाट बरामद किया है, जिसे हत्या में इस्तेमाल किए जाने की पुष्टि हुई है। फिलहाल पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।































































































