देशभक्ति जयकारों के बीच हुआ अनावरण, नम आंखों से दी गई श्रद्धांजलि बक्सर खबर। राष्ट्र सेवा में समर्पित जीवन और पूर्वजों के प्रति अगाध श्रद्धा का अनूठा उदाहरण गुरुवार को जिले के सोनबरसा गांव में देखने को मिला। पूर्व सैनिक स्वर्गीय दुर्योधन प्रसाद की स्मृति में उनकी भव्य प्रतिमा का अनावरण अत्यंत गरिमामय और भावनात्मक वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का सफल आयोजन उनके पुत्र भारतीय सेना में हवलदार प्रकाश बाबू और आलोक बाबू द्वारा किया गया। प्रतिमा का अनावरण स्वर्गीय प्रसाद की धर्मपत्नी सुनीता देवी ने रिबन काटकर किया। इसके पश्चात बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ के जिलाध्यक्ष राम नाथ सिंह ने मंत्रोच्चार और जयघोष के बीच प्रतिमा का आवरण हटाकर उसे समाज को समर्पित किया।
अनावरण के उपरांत उपस्थित सभी पूर्व सैनिकों एवं गणमान्य अतिथियों ने स्वर्गीय दुर्योधन प्रसाद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। आयोजन की शुरुआत में हवलदार प्रकाश बाबू ने संघ के पदाधिकारियों का फूल-माला एवं अंग-वस्त्र देकर सम्मान किया। पूरा क्षेत्र भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से गुंजायमान हो उठा। देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति ने वातावरण को और अधिक ओजस्वी बना दिया। कार्यक्रम के दौरान जब स्वर्गीय प्रसाद की पत्नी और पुत्र ने उनकी स्मृतियों को साझा किया, तो माहौल भावुक हो गया और उपस्थित जनसमूह की आंखें नम हो उठीं। जिलाध्यक्ष राम नाथ सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि यह प्रतिमा केवल एक सैनिक का सम्मान नहीं, बल्कि समाज के युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत है। यह हमें अपने माता-पिता और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध की सीख देती रहेगी।
कार्यक्रम में सूबेदार मेजर हरिशंकर सिंह, डुमरांव अनुमंडल अध्यक्ष सूबेदार मेजर जितेन्द्र सिंह, सदर अनुमंडल अध्यक्ष नायब सूबेदार मिथिलेश यादव, जिला महासचिव नायब सूबेदार राजबली सिंह, पेंशन डायरेक्टर नायब सूबेदार फुलबदन सिंह, नायब सूबेदार जयराम सिंह, कैप्टन राजीव रंजन तिवारी, नायब सूबेदार भोला राम, हवलदार शिवकुमार सिंह, नायब सूबेदार तारा बाबू सिंह, मीडिया प्रभारी नायब सूबेदार नारदमुनि सिंह, नायब सूबेदार अनंत कुमार सिंह, हवलदार मोहन यादव, नायब सूबेदार बिपिन कुमार सिंह, चक्की प्रखंड अध्यक्ष नायब सूबेदार संतोष सिंह, अध्यक्ष युवा ब्रिगेड सूबेदार मेजर राजेंद्र प्रसाद, सूबेदार ललन तिवारी, नायक सीताराम प्रसाद, नायक जगलाल साहू के साथ अनेक गणमान्य व पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।
































































































