राज्यपाल से मिले संदीप ठाकुर, पोस्ट-डॉक्टोरल पॉलिसी की मांग

0
125

बिहार में नई शिक्षा नीति के तहत शोध व्यवस्था को सुदृढ़ करने और पारदर्शी चयन प्रक्रिया की अपील                           बक्सर खबर। गुरुवार को पटना स्थित लोकभवन में राज्यपाल सह कुलाधिपति आरिफ मोहम्मद खान से जिले के युवा नेता एवं युवा जदयू के प्रदेश महासचिव संदीप ठाकुर ने मुलाकात कर बिहार के राज्य विश्वविद्यालयों में सुदृढ़ एवं संरचित पोस्ट-डॉक्टोरल शोध व्यवस्था लागू करने हेतु ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में संदीप ठाकुर ने कहा कि नई शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप देश में अनुसंधान, नवाचार और ज्ञान-आधारित अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने पर जोर दिया जा रहा है, किंतु बिहार के अधिकांश राज्य विश्वविद्यालयों में पीएचडी के बाद पोस्ट-डॉक्टोरल शोध की कोई स्पष्ट और संस्थागत व्यवस्था उपलब्ध नहीं है। उन्होंने बताया कि इस अभाव के कारण प्रतिभाशाली युवा शोधकर्ताओं को अन्य राज्यों की ओर रुख करना पड़ रहा है, जिससे बिहार में प्रतिभा पलायन की समस्या गंभीर होती जा रही है।

विशेष रूप से वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय में स्थापना के बाद अब तक मात्र एक पोस्ट-डॉक्टोरल शोध कार्य हुआ है, जबकि अन्य विश्वविद्यालयों में भी स्पष्ट नियमावली और नीति के अभाव में इस दिशा में कार्य नहीं हो पा रहा है। प्रदेश महासचिव संदीप ठाकुर ने कहा कि देश के अग्रणी विश्वविद्यालयों और केंद्रीय संस्थानों में पोस्ट-डॉक्टोरल शोध को उच्च स्तरीय शोध प्रकाशनों, नवाचार, पेटेंट और नीति-निर्माण का आधार माना जाता है। यदि बिहार में एकीकृत पोस्ट-डॉक्टोरल नीति लागू की जाती है, तो इसके कई सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। संदीप ठाकुर ने राज्यपाल सह कुलाधिपति से अनुरोध किया कि राज्य विश्वविद्यालयों के लिए शीघ्र पोस्ट-डॉक्टोरल नीति अधिसूचित की जाए और गुणवत्ता-आधारित, पारदर्शी चयन प्रक्रिया लागू की जाए, ताकि बिहार के युवाओं की शैक्षणिक क्षमता को वैश्विक मंच पर पहचान मिल सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here