लंबे समय से फरार ब्रह्मेश्वर यादव को चक्की थाना पुलिस ने दबोचा बक्सर खबर। चक्की थाना पुलिस ने मंगलवार को लंबे समय से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी ब्रह्मेश्वर यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के लक्ष्मण डेरा गांव में छापेमारी की और आरोपी को उसके घर से ही दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने पत्रकारों को बताया कि ब्रह्मेश्वर यादव चक्की थाना में दर्ज आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामलों में वांछित था। इसके अलावा उसके विरुद्ध बेतामिला कांड में भी प्राथमिकी दर्ज है।
लगातार फरार रहने के कारण उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से गिरफ्तारी से बचता फिर रहा था और उसकी धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। सटीक सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह सफलता मिली है।































































































