40 खिलाड़ियों ने बनाई जगह, फिक्स्चर जारी होने के पश्चात चुने जाएंगे 17 धुरंधर बक्सर खबर। बक्सर जिला क्रिकेट संघ द्वारा सीनियर, अंडर-23 एवं हेमन ट्रॉफी टीम के चयन हेतु आयोजित ट्रायल मैच का फाइनल मुकाबला रविवार को कथकौली स्थित जेके क्रिकेट ग्राउंड की टर्फ पिच पर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। दो दिनों तक चले इस चयन अभियान में जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल का दमदार प्रदर्शन किया। ट्रायल मैच के आधार पर कुल 40 खिलाड़ियों का चयन किया गया। फाइनल दिवस पर चयनित खिलाड़ियों को दो टीमों में विभाजित कर 40-40 ओवर का प्रतिस्पर्धात्मक मुकाबला कराया गया। मैच के दौरान बल्लेबाजों ने आकर्षक शॉट्स और गेंदबाजों ने सटीक लाइन-लेंथ और अनुशासित प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा।
संघ द्वारा पूरी चयन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाए रखा गया। चयन समिति में नरेंद्र नाथ ओझा, अखिलेश उपाध्याय, आशुतोष अस्थाना, फरह अंसारी, अध्यक्ष वर्षा पांडेय एवं उपाध्यक्ष विकास रंजन ओझा उपस्थित रहे। मैच में अंपायर की जिम्मेदारी राजीव कमल मिश्रा ने निभाई। चयनित 40 खिलाड़ियों में से अंतिम 17 खिलाड़ियों की सूची बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के फिक्स्चर जारी होने के पश्चात घोषित की जाएगी। चयन समिति ने निर्णय लिया है कि चयनित खिलाड़ियों को अनुभवी कोच एवं फिटनेस ट्रेनर की देखरेख में विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। बक्सर जिला क्रिकेट संघ का लक्ष्य जिले में क्रिकेट को नई दिशा देना और युवाओं को राज्य स्तर तक पहुंचाने के लिए सशक्त मंच प्रदान करना है। संघ ने भविष्य में भी इसी प्रकार संगठित एवं निष्पक्ष चयन प्रक्रिया जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई है।































































































