-शहर में श्रद्धालुओं की जरूरत के लिए शौचालय बनाने की रखी मांग
बक्सर खबर। सदर विधायक आनंद मिश्रा ने विधानसभा में जिला परिषद की लंबित विकास कार्यों के लिए आवाज उठाई। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष को अवगत कराया कि डीडीसी बक्सर के प्रशिक्षण में चले जाने की वजह से षष्टम एवं 15वीं वित्त की राशि की निकासी नहीं हो रही। उन्होंने इस का उल्लेख भी किया की पूर्व के वर्ष में भी ऐसा हुआ था। अधिकारी की अनुपस्थिति के कारण वित्तीय वर्ष की समाप्ती के पहले ही विकास राशि लटक गई। इस बार भी ऐसी स्थिति बनी हुई है। ऐसा नहीं होने से जिला परिषद प्रतिनिधियों में निराशा है। क्योंकि उनके क्षेत्र में जिन कार्यों को होना है। वह लंबित पड़े हैं।
इस बाबत जिला परिषद अध्यक्ष सरोज देवी के प्रतिनिधि परमा यादव ने भी इस बात का उल्लेख करते हुए बक्सर खबर को बताया कि, अगर समय रहते प्रशासन नहीं चेता। तो मुख्यमंत्री की आशीर्वाद यात्रा के दौरान हम लोग विरोध दर्ज कराएंगे। वहीं दूसरी तरफ सदर विधायक आनंद मिश्रा द्वारा जारी पत्रों में शहर के प्रमुख स्थानों पर सामुदायिक शौचालय बनाने की मांग की गई है। क्योंकि बक्सर में आए दिन कोई न कोई विशेष धार्मिक मेला लगता है। हजारों की भीड़ जमा होती है। उन्हें ऐसे में भारी परेशानी का सामना करना होता है।
साथ ही साथ जासो-डुमरांव पथ के लंबित निर्माण सह जीर्णोद्धार कार्य का उल्लेख करते हुए भी उन्होंने आवाज उठाई है। जो पत्र विधानसभा में उन्होंने सचिव को सौंपा है। उसमें रामपुर-नागपुर मार्ग तथा सौरी-ओरा मार्ग का जिक्र भी किया गया है। इन सड़कों की हालत खराब है। राजापुर गांव में पानी लगने से सड़क चलने लायक नहीं बची है। उन्होंने इन मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर बनवाने का जिक्र किया है। यह सभी पत्र उन्होंने आज ही 13 को विधानसभा में सौंपे हैं।































































































