आपसी विवाद ने लिया हिंसक रूप, सदर अस्पताल में चल रहा इलाज बक्सर खबर। औद्योगिक थाना क्षेत्र के बरुना गांव में पारिवारिक विवाद में एक देवर ने अपनी भाभी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। मिली जानकारी के अनुसार बरुना निवासी रामप्रवेश चौहान के भाई अपनी भतीजी के साथ गाली-गलौज कर रहे थे। इसी बात का विरोध करने रामप्रवेश की पत्नी फुला देवी पहुंचीं। विरोध करने पर देवर और भाभी के बीच कहासुनी शुरू हो गई, और देखते ही देखते उग्र हो गई।
आरोप है कि विवाद के दौरान देवर ने चाकू निकालकर फुला देवी पर कई वार कर दिए। चाकू लगने से वह गंभीर रूप से जख्मी होकर गिर पड़ीं। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। औद्योगिक थानाध्यक्ष सुरेश कुमार सिंह ने पत्रकारों को बताया कि घटना की सूचना प्राप्त हुई है। पीड़ित परिवार द्वारा लिखित शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।































































































