इजरी मठिया के गुड्डू चौधरी ने मौके पर तोड़ा दम, जांच में जुटी पुलिस बक्सर खबर। एनएच 922 पर दल सागर टोल प्लाजा के समीप शुक्रवार को हुए भीषण सड़क दुघर्टना में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार मुफस्सिल थाना क्षेत्र के इजरी मठिया गांव निवासी राजदेव चौधरी के पुत्र गुड्डू चौधरी अपने दो साथियों के साथ बाइक से एनएच 922 के रास्ते जिला मुख्यालय की ओर आ रहे थे। इसी दौरान दल सागर टोल प्लाजा से आगे किसी अज्ञात वाहन से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े।
घटना में गुड्डू चौधरी को गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक पर सवार दो अन्य युवक घायल हो गए। घायलों का स्थानीय स्तर पर इलाज कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। औद्योगिक थानाध्यक्ष सुरेश कुमार सिंह ने पत्रकारों को बताया कि सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।































































































