पांच टीमों के बीच मुकाबले शुरू, दो दिवसीय लीग मैचों के बाद रविवार को फाइनल से तय होगी जिले की सर्वश्रेष्ठ टीम बक्सर खबर। जिला क्रिकेट संघ द्वारा सीनियर एवं अंडर-23 आयु वर्ग के खिलाड़ियों के चयन हेतु ट्रायल मैच का शुभारंभ शुक्रवार को कथकौली स्थित जेके क्रिकेट अकादमी के टर्फ मैदान पर किया गया। ट्रायल के पहले दिन खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखा गया। बक्सर जिला क्रिकेट संघ, बीडीसीए से पंजीकृत कुल 60 खिलाड़ियों ने ट्रायल में भाग लिया है। सभी खिलाड़ियों को पांच टीमों में विभाजित कर लीग आधार पर मुकाबले कराए जा रहे हैं। प्रतियोगिता 13 एवं 14 फरवरी को संचालित होगी, जबकि 15 फरवरी को सभी मैचों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। ट्रायल के उद्घाटन दिवस पर बक्सर ब्लू और बक्सर रेड के बीच 30-30 ओवर का मैच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन का प्रयास किया। चयन प्रक्रिया के तहत ऑब्जर्वर द्वारा सभी खिलाड़ियों के प्रदर्शन को बारीकी से रिकॉर्ड किया जा रहा है तथा उनका मूल्यांकन किया जा रहा है।
अंपायर की भूमिका राजीव कमल मिश्रा ने निभाई। मैदान पर अनुशासन और खेल भावना का विशेष ध्यान रखा गया। चयन समिति में अखिलेश उपाध्याय, नागेंद्र नाथ ओझा, आशुतोष अस्थाना, फरह अंसारी, अध्यक्ष वर्षा पांडेय एवं उपाध्यक्ष विकास रंजन ओझा शामिल हैं। अध्यक्ष वर्षा पांडेय ने कहा कि जिला क्रिकेट संघ प्रतिभावान खिलाड़ियों को उचित मंच प्रदान करने और निष्पक्ष चयन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।उन्होंने बताया कि पांच टीमों में से दो टीमों का मुकाबला पहले दिन संपन्न हुआ, शेष टीमों का प्रदर्शन शनिवार को देखा जाएगा। इसके बाद सभी मैचों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के बीच फाइनल मैच आयोजित किया जाएगा। जिला क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें अब 15 फरवरी को होने वाले फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां चयन की अंतिम तस्वीर साफ होगी।































































































