अतिक्रमण हटाने और स्वच्छता पर जोर, 20 फरवरी तक हर हाल में काम पूरा करने की डेडलाइन बक्सर खबर। आगामी 21 फरवरी को आयोजित होने वाले विश्वामित्र महोत्सव की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी साहिला ने ऐतिहासिक किला मैदान का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय सीमा के भीतर पूर्ण करने का सख्त निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद को किला मैदान से संबंधित सभी लंबित कार्यों में तेजी लाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि महोत्सव से पूर्व मैदान के बाहर स्थित अस्थायी अतिक्रमण को हटाया जाए, ताकि आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
डीएम ने मैदान में स्वच्छता व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश देते हुए कहा कि पर्याप्त साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही पेयजल की समुचित व्यवस्था एवं चलंत शौचालय उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि 20 फरवरी तक सभी तैयारियां हर हाल में पूरी कर ली जाएं, ताकि 21 फरवरी को आयोजित महोत्सव में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। निरीक्षण के क्रम में अपर समाहर्ता, जिला जन संपर्क पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।































































































