भोजपुरी साहित्य मंडल अध्यक्ष करेंगे विमोचन, एक हजार प्रतियां निःशुल्क वितरण बक्सर खबर। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर इटाढ़ी प्रखंड स्थित सोखा धाम में आयोजित प्रसिद्ध सोखाड़ मेले के दौरान रविवार को सोखा धाम सोखाड़ मेला विशेषांक का भव्य लोकार्पण किया जाएगा। यह विशेषांक स्वर्गीय राम स्वरूप तिवारी द्वारा लिखित, डॉ. वैरागी प्रभाष चतुर्वेदी द्वारा संपादित तथा वरिष्ठ पत्रकार एवं अधिवक्ता राकेश सिंह द्वारा संशोधित किया गया है। विशेषांक का लोकार्पण भोजपुरी साहित्य मंडल के अध्यक्ष प्रो. अरुण मोहन भारवि के करकमलों द्वारा श्रद्धालुओं की उपस्थिति में संपन्न होगा।
प्रकाशन में सोखा धाम के धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व के साथ-साथ सोखाड़ मेले की समृद्ध लोक परंपरा पर विस्तृत आलेख प्रस्तुत किया गया है। आयोजकों ने बताया कि इस विशेषांक का उद्देश्य ग्रामीण समाज को सोखा धाम एवं सती धाम की महत्ता से परिचित कराना है, ताकि नई पीढ़ी अपनी परंपराओं और आस्था से जुड़ी रहे। लोकार्पण के उपरांत पुस्तक की एक हजार प्रतियां श्रद्धालुओं के बीच निःशुल्क वितरित की जाएंगी।































































































