व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल मिलते ही खाली कराया गया परिसर

0
1051

एसपी और एसडीपीओ की मौजूदगी में बम निरोधी दस्ते ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन                                        बक्सर खबर। स्थानीय व्यवहार न्यायालय को शुक्रवार को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। अज्ञात हमलावरों द्वारा कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने का एक धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ। इस सूचना के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया और सुरक्षा के मद्देनजर आनन-फानन में पूरे परिसर को खाली करा लिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, धमकी भरा ई-मेल मिलने के तुरंत बाद सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय दल-बल के साथ कोर्ट कैंपस पहुंचे। उन्होंने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लाउडस्पीकर के माध्यम से न्यायिक पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं और मुवक्किलों से परिसर खाली करने का आग्रह किया। देखते ही देखते पूरा परिसर खाली हो गया और सुरक्षा घेरा मजबूत कर दिया गया।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। कोर्ट परिसर के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली जा रही है। मौके पर बम निरोधी दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीमें बुलाई गई हैं, जो कोर्ट रूम से लेकर कार्यालयों और पार्किंग स्टैंड तक की सघन जांच करेंगी। अचानक हुई इस कार्रवाई से कोर्ट में मौजूद लोगों के बीच कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। फिलहाल पुलिस ई-मेल के स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर सेल की मदद ले रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here