एसएसबी जवान के घर चोरी, ओपन स्काई से घुसे चोर

0
1883

लखनऊ से लौटे तो बिखरा मिला घर, चोरों ने उड़ाए एक लाख कैश और सोने-चांदी के जेवरात                       बक्सर खबर। नगर थाना क्षेत्र के वीर कुंवर सिंह कॉलोनी में गुरुवार को एक एसएसबी जवान के घर चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। गया में पदस्थापित एसएसबी जवान अजय सिंह (मूल निवासी दुल्लहपुर) जब सुबह श्रमजीवी एक्सप्रेस से लखनऊ से लौटकर अपने घर पहुंचे, तो घर का नजारा देख दंग रह गए। कमरे के भीतर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और अलमारी खुली हुई थी। जवान की पत्नी सुधा सिंह ने बताया कि चोर बाथरूम में लगे ओपन स्काई के रास्ते घर के अंदर घुसे। अंदर आने के लिए ब्लू रंग की साड़ी को बांधकर नीचे लटकाया गया था, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि उसी के सहारे चोर घर में दाखिल हुए और बाहर भी निकले।

चोरों ने बड़ी सफाई से तीनों कमरों की तलाशी ली और बक्सों को खोलकर खंगाल डाला। चोरी के दौरान अलमारी में रखे एक लाख रुपए, पांच थान सोने के गहने और तीन थान चांदी के जेवरात गायब मिले। चोरी हुए सामान में सोने की कान की बाली, नथनी, दो अंगूठी, एक लॉकेट तथा अन्य आभूषण शामिल हैं। वहीं चांदी के दो पायल, एक लॉकेट और पांच बिछिया भी चोर उठा ले गए। सुधा सिंह ने बताया कि 8 फरवरी को मौसेरे भाई की शादी में शामिल होने के लिए घर में ताला बंद कर लखनऊ गए थे और 12 फरवरी को लौटने पर घटना का खुलासा हुआ।

फोटो – चोरी की घटना के बाद घर के बाहर लगी भीड़ और ओपन स्काई से लटकती साड़ी को देखती पीड़िता शोभा सिंह

घटना की सूचना टेलीफोन के माध्यम से नगर थाना को दी गई। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। पीड़ित जवान ने कहा कि चोरों का हौसला इतना बढ़ गया है कि सुरक्षा बल के जवान का घर भी सुरक्षित नहीं है, तो आम लोगों की सुरक्षा भगवान भरोसे है। चोरों ने कमरे में रखे जवान के बेल्ट, बैज और अन्य सामान भी बिखेर दिए। बताया जाता है कि घर में सुधा देवी अपने 11 वर्षीय पुत्र के साथ रहती हैं, जो शहर के एक निजी विद्यालय में पांचवीं कक्षा का छात्र है। घटना के बाद कॉलोनी के लोगों में दहशत का माहौल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here