शिव-पार्वती विवाह: हल्दी की रस्म के साथ मांगलिक उत्सव शुरू 

0
131

भोले बाबा को चढ़ी हल्दी, रामेश्वर नाथ मंदिर से निकली भव्य शोभायात्रा                                                      बक्सर खबर। महाशिवरात्रि को लेकर शहर में भक्ति और उत्साह का माहौल चरम पर है। 15 फरवरी को आयोजित होने वाली भव्य शिव बारात एवं शिव विवाह समारोह की तैयारियां कोइरपुरवा मोहल्ला, खलासी मोहल्ला सहित रामरेखा घाट स्थित रामेश्वर नाथ मंदिर परिसर में जोर-शोर से चल रही हैं। बुधवार की सुबह मंदिर में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान और मंत्रोच्चार के बीच भगवान भोले शंकर को हल्दी अर्पित कर मांगलिक कार्यक्रमों की विधिवत शुरुआत की। इसके उपरांत सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में शुभ हल्दी शोभायात्रा सुबह लगभग 10 बजे मंदिर परिसर से निकली।

शोभायात्रा में महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही। सबसे आगे साउंड सिस्टम पर बज रहे शिव भक्ति गीत, मटकोड़ और हल्दी की पारंपरिक धुनों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु पीपी रोड, ठठेरी बाजार मेन रोड होते हुए पंचमुखी हनुमान मंदिर परिसर पहुंचे, जहां महिलाओं ने मटकोड़ की रस्म अदा की और मांगलिक गीतों पर झूमते हुए पारंपरिक उत्सव का आनंद लिया। इसके बाद शोभायात्रा वीर कुंवर सिंह चौक होते हुए पुनः रामरेखा घाट मंदिर पहुंची, जहां माता पार्वती को हल्दी अर्पित की गई।

फोटो – भगवान रामेश्वर नाथ को हल्दी अर्पित करते श्रद्धालु

पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं का उत्साह और आस्था देखते ही बन रही थी। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि आगामी कार्यक्रमों की श्रृंखला में 12 फरवरी को प्रातः 10 बजे शुभ मेहंदी, 13 फरवरी को प्रातः 10 बजे संगीत कार्यक्रम, 14 फरवरी को प्रातः 10 बजे श्री गौरी श्रृंगार तथा 15 फरवरी को रात्रि 9 बजे महाशिवरात्रि के अवसर पर महाआरती एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा। सभी कार्यक्रम रामेश्वर नाथ मंदिर के प्रांगण में संपन्न होंगे। समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here