सुबह 4 बजे से रात 10 बजे तक बड़े वाहनों की नो-एंट्री, कई प्रमुख मार्गों पर रहेगा आंशिक प्रतिबंध बक्सर खबर। चोल मुंडन एवं गंगा स्नान के अवसर पर 11 फरवरी को शहर में श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने की घोषणा की है। पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी निर्देशानुसार सुबह 04 बजे से शाम 05 बजे तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा, जबकि बड़े वाहनों के लिए रात 10 बजे तक नो-एंट्री लागू रहेगी। ज्योति प्रकाश चौक से मॉडल थाना चौक तक और यहां से नाथ बाबा पुल और रामरेखा घाट रोड, पीपी रोड, पुराना सदर अस्पताल मार्ग, मठिया पुल तक। मुनीम चौक से जमुना चौक, ठठेरी बाजार, सिंडिकेट से जमुना चौक होते हुए थाना चौक तक दोपहिया वाहनों को छोड़कर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश वर्जित या आंशिक रूप से प्रतिबंधित रहेगा।
चारपहिया वाहन चालकों को निम्न वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना होगा- गोलम्बर से सिंडिकेट बाईपास रोड से ज्योति प्रकाश चौक से आईटीआई रोड होते हुए मठिया मोड़ से दानी कुटिया होते हुए शहर से बाहर निकलना होगा। वहीं ज्योति प्रकाश चौक से अंबेडकर चौक होते हुए इटाढ़ी गुमटी से बाहर निकलना है। ई-रिक्शा एवं ऑटो रिक्शा के लिए भी अलग रूट निर्धारित किए गए हैं- गोलम्बर–सिंडिकेट बाईपास–ज्योति चौक–स्टेशन–नाथ बाबा नहर मार्ग। गोलम्बर–सिंडिकेट–ज्योति चौक–आईटीआई रोड। गोलम्बर–सिंडिकेट–ज्योति चौक–अंबेडकर चौक–बाजार समिति–नई बाजार–मठिया मोड़। श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु विभिन्न स्थलों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है- ट्रैक्टर, पिकअप व बस के लिए: हवाई अड्डा मैदान, गोलम्बर पार्किंग स्थल, इटाढ़ी गुमटी से पहले दक्षिण दिशा में रेलवे मैदान। चारपहिया व तीन पहिया वाहनों के लिए: सिंडिकेट के पास, डीएवी मोड़ के आगे आईटीआई मैदान रोड किनारे, बाजार समिति ग्राउंड, किला मैदान। दोपहिया वाहनों के लिए: किला मैदान, थाना चौक से ज्योति चौक सड़क के दोनों किनारे। रोगी वाहनों, एम्बुलेंस एवं अन्य अत्यावश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को नो-एंट्री से मुक्त रखा गया है। परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र तथा रेलवे यात्रियों को अपना टिकट साथ लेकर चलने की सलाह दी गई है, ताकि जांच के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि अनावश्यक रूप से चारपहिया वाहनों का उपयोग न करें और यातायात नियमों का पालन कर प्रशासन का सहयोग करें।































































































